पेनाल्टी शूटआउट में बीझारा ने मारी बाजी, बरजोडीह को हराकर बना चैंपियन
पंचपहरी में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, 22 टीमों ने लिया हिस्सा
डीजे न्यूज, देवरी (गिरिडीह) : देवरी प्रखंड के पंचपहरी गांव स्थित मैदान में दिशोम गुरु शिबू सोरेन क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। फाइनल में एसकेबी टीम बीझारा और एसएससी टीम बरजोडीह के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में बीझारा की टीम ने बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। बरजोडीह की टीम उपविजेता रही। टूर्नामेंट में कुल 22 टीमों ने भाग लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक केदार हाजरा, देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी, कांग्रेस नेता अनिल चौधरी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोजाहिद अंसारी, घसकरीडीह पंचायत की मुखिया शांति किस्कू, पंचायत समिति सदस्य मेरी महिमा टुडू, ब्यास राय, शुकरा मुर्मू, रामकिशुन हाजरा, सुखदेव हाजरा, मुस्तकीम अंसारी, जाकिर हुसैन, रमेश सोरेन, मांगरा सोरेन और श्यामलाल सोरेन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। इस तरह के आयोजन से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
टूर्नामेंट के शुभारंभ से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूबी सोरेन के निधन पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में दिशोम गुरु शिबू सोरेन क्लब के संचालक हीरा किस्कू, विवेक टुडू, सुरेंद्र राणा, अध्यक्ष मनोज सोरेन, छोटन सोरेन, सचिव मनोज हेंब्रम, रूपन हांसदा, कोषाध्यक्ष राजेश बसके, श्यामलाल सोरेन तथा कमेटी के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के दौरान दिनेश मरांडी, रंजीत कुमार और इसाहक अंसारी ने कमेंट्री की।