पीपीटी के जरिए पढ़ाई को रोचक और प्रभावी बनाने की पहल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कार्यशाला आयोजित

पीपीटी के जरिए पढ़ाई को रोचक और प्रभावी बनाने की पहल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कार्यशाला आयोजित

डिजिटल तकनीक से शिक्षण को बेहतर बनाने के लिए आचार्यों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में गुरुवार को पीपीटी (पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन) एवं कक्षाध्यापन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, सरल और प्रभावी बनाना था। कार्यशाला में विद्यालय के सभी आचार्य बंधुओं एवं दीदी जी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला के प्रथम सत्र में आचार्य नलिन जी एवं आचार्य राजेश नंदन ने पीपीटी निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन तैयार करने, स्लाइड में चित्रों और एनीमेशन का उपयोग करने, हिंदी फॉन्ट के माध्यम से शिक्षण सामग्री प्रस्तुत करने तथा डिजिटल माध्यम से बच्चों को पढ़ाने की तकनीकों की जानकारी दी गई। सभी आचार्यों ने कंप्यूटर पर स्वयं पीपीटी तैयार कर अभ्यास भी किया।

द्वितीय सत्र में आचार्य प्रिंस बर्णवाल, आचार्य सुमन कुमार, आचार्य संतोष मंडल, प्रीति दीदी, ममता दीदी एवं निधि दीदी ने अपने-अपने विषयों की पीपीटी तैयार कर उसके माध्यम से कक्षाध्यापन का प्रस्तुतीकरण किया। इस गतिविधि के जरिए डिजिटल तकनीक के उपयोग से विषयों को विद्यार्थियों के लिए अधिक सहज और आकर्षक बनाने के तरीकों को प्रदर्शित किया गया।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप डिजिटल शिक्षा आज के समय की आवश्यकता है। इस प्रकार की कार्यशालाओं से आचार्यों की शिक्षण क्षमता में वृद्धि होती है। तकनीक का सही उपयोग बच्चों की कक्षा में रुचि बढ़ाने और विषयों को आसानी से समझाने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

कार्यशाला के समापन पर सभी आचार्य बंधुओं एवं दीदी जी ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने विषयों की शिक्षण सामग्री को पीपीटी के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगे, ताकि पढ़ाई को अधिक प्रभावशाली और रुचिकर बनाया जा सके। अंत में संघ प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top