पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय में द्वितीय अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित

पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय में द्वितीय अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित

डीजे न्यूज, गिरिडीह : पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय, पंचंबा में द्वितीय अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता रेशमी देवी ने की। इसमें विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावक, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति एवं माता समिति के सदस्य शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। बैठक में पहुंचे अभिभावकों एवं गणमान्य लोगों का तिलक-चंदन लगाकर स्वागत किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक सह सचिव अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि अभिभावक और शिक्षक के बीच बेहतर समन्वय से ही बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने विद्यालय में संचालित रेल परीक्षा, एफएलएन, निपुण भारत, नशामुक्ति अभियान, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, शत-प्रतिशत नामांकन एवं ठहराव, मध्याह्न भोजन, स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार, विद्यालय प्रमाणीकरण, आयरन गोली वितरण, शैक्षणिक भ्रमण तथा गणित-विज्ञान मूल्यांकन एवं अर्द्धवार्षिक परीक्षा के मूल्यांकन से संबंधित जानकारी अभिभावकों को दी।

प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों से विद्यालय की कक्षाओं, परिसर, प्रयोगशाला एवं आईसीटी लैब का भ्रमण करने और अपने सुझाव देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों की कॉपियां नियमित रूप से जांचें, ताकि उनकी पढ़ाई की प्रगति पर नजर रखी जा सके और छात्रहित में आवश्यक सुधार किए जा सकें।

बैठक में उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभिभावकों से ऐसे लोगों का नाम विद्यालय में दर्ज कराने तथा 20 सितंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने की अपील की गई।

मौके पर अशोक कुमार मिश्रा, तनु प्रिया, स्वीटी कुमारी, रेशमी देवी, सरिता देवी, ललिता, काजल, प्रींसू रानी, सारिका, सोनी, पूजा देवी, राखी देवी समेत सैकड़ों अभिभावक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top