पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
डीजे न्यूज, धनबाद: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, धनबाद के तत्वावधान में कल्याण गुरुकुल, टुंडी में स्वच्छता एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुखिया रेखा देवी एवं कल्याण गुरुकुल के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर तरुण संघ टुंडी के अध्यक्ष नव कुमार दत्ता (श्रीजेश) एवं उनके सहयोगी विकास मरांडी द्वारा प्रतिभागियों के बीच पौधों का वितरण किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण आवश्यक है तथा युवाओं की भागीदारी इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विश्व पर्यावरण दिवस का मुख्य संदेश जलवायु कार्रवाई और प्रकृति संरक्षण पर केंद्रित है।