ओडिशा शैक्षणिक भ्रमण से लौटे पीएम श्री विद्यालय के छात्र, विज्ञान, संस्कृति और इतिहास से हुए रूबरू

ओडिशा शैक्षणिक भ्रमण से लौटे पीएम श्री विद्यालय के छात्र, विज्ञान, संस्कृति और इतिहास से हुए रूबरू

डीजे न्यूज, गिरिडीह : पीएम श्री योजना के तहत गिरिडीह सदर प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्र स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, धनयडीह के 30 विद्यार्थियों ने ओडिशा का अंतर्राज्यीय शैक्षणिक अध्ययन भ्रमण सफलतापूर्वक पूरा किया। राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देश पर आयोजित इस भ्रमण का संचालन सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किया गया। विद्यार्थियों के साथ नोडल शिक्षक संजीव कुमार एवं विज्ञान शिक्षिका सोनी कुमारी गाइड शिक्षक के रूप में शामिल रहे।

1 अगस्त से शुरू हुई इस शैक्षणिक यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने भुवनेश्वर के प्रमुख शैक्षणिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संस्थानों का भ्रमण किया। उन्होंने ओडिशा राज्य संग्रहालय, उदयगिरि-खंडगिरि गुफाएं, एआईपीएच यूनिवर्सिटी, विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर तथा समुद्र तटीय क्षेत्रों का अवलोकन कर इतिहास, विज्ञान, संस्कृति और प्राकृतिक वातावरण के बारे में व्यावहारिक जानकारी हासिल की।

नोडल शिक्षक संजीव कुमार ने बताया कि यह भ्रमण विद्यार्थियों को ज्ञान, विज्ञान, संस्कृति और नवाचार से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल थी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शाम प्रेरक सुजीत कुमार पात्रा द्वारा विद्यार्थियों को रोचक शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से प्रेरित किया गया, जिससे उनकी सीखने की रुचि और बढ़ी।

विज्ञान शिक्षिका सोनी कुमारी ने बताया कि कई छात्र-छात्राओं ने पहली बार रेल यात्रा की। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षा, अनुशासन और यात्रा संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी गई, जिससे उनका अनुभव और अधिक समृद्ध बना। भ्रमण में शामिल विद्यार्थियों ने इस यात्रा से प्राप्त अनुभवों और सीख को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। सभी छात्र-छात्राएं बुधवार की शाम गिरिडीह लौटेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top