दिवंगत भानु प्रताप कुम्हार की मनी पुण्यतिथि, जिप अध्यक्ष व पूर्व सांसद सहित अन्य ने अर्पित किया श्रद्धासुमन
डीजे न्यूज, धनबाद: बरवाअड्डा के बाबुडीह में शुक्रवार को दिवंगत भानु प्रताप कुम्हार की छठी पुण्यतिथि मनाई गयी। भानु प्रताप फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्रद्धाजंलि सभा में जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, धनबाद के पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह, भाजपा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, पूर्व ग्रामीण जिलाध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, योगेंद्र महतो, धरमजीत सिंह सहित अन्य लोगों ने दिवंगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस अवसर पर शारदा सिंह ने कहा कि स्वर्गीय भानु प्रताप कुम्हार एक नेकदिल, मिलनसार एवं समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उनके प्रति लोगों का यह अपार स्नेह और इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह इस बात का प्रमाण है कि उन्होंने अपने जीवन में समाज के बीच एक विशेष स्थान बनाया था। उनके विचार और सामाजिक योगदान सदैव लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।
उन्होंने भाजपा धनबाद ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार एवं उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अपने पिता की स्मृति को इस तरह सम्मानपूर्वक जीवंत रखना सराहनीय कार्य है।