नशे के खिलाफ स्कूलों में जागरूकता अभियान तेज, विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला प्रशासन द्वारा निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को मकतपुर उच्च विद्यालय में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त श्री रामनिवास यादव के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व नजारत उप समाहर्ता श्री आशुतोष ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नजारत उप समाहर्ता श्री आशुतोष ठाकुर ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और उनका स्वस्थ, शिक्षित एवं जागरूक होना समाज के विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थ व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज के विकास को भी प्रभावित करते हैं। विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन ने बताया कि जिलेभर में यह जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।