लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं विश्वसनीय मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है : उपायुक्त रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिले के सभी अंचलों में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है।
प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप घर-घर सत्यापन अभियान, नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन तथा ASDD (Absent, Shifted, Dead एवं Duplicate) श्रेणी के मतदाताओं की पहचान कर मतदाता सूची का शुद्धिकरण करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर कार्य निष्पादन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और तकनीकी पहलुओं पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं विश्वसनीय मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाए, इसके लिए सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ कार्य करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।