नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का आगाज, घरों में गूंजे छठी मैया के पारंपरिक गीत

नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का आगाज, घरों में गूंजे छठी मैया के पारंपरिक गीत

डीजे न्यूज, गिरिडीह : लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर घरों में सुबह से ही भक्तिमय माहौल देखने को मिला। छठ व्रतियों ने स्नान कर भगवान सूर्य की आराधना की और पूरी शुद्धता व पवित्रता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद तैयार किया।

इस दौरान छठ व्रती महिलाओं के साथ परिवार की अन्य महिलाएं भी प्रसाद बनाने में जुटी रहीं। घरों में छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। महिलाएं छठ गीतों पर झूमती और गुनगुनाती नजर आईं। गीत-संगीत और भक्ति के माहौल ने पर्व की रौनक को और बढ़ा दिया। इसके बाद व्रतियों ने कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर महापर्व की शुरुआत की।

नहाय-खाय के साथ ही छठ व्रती आगामी अनुष्ठानों की तैयारी में जुट गए हैं। शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top