नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, अनावश्यक जोखिम न लें : रामनिवास यादव

नदी-नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, अनावश्यक जोखिम न लें : रामनिवास यादव

उपायुक्त ने जिलेवासियों से की सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में लगातार हो रही बारिश तथा कई क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। लगातार बारिश के कारण नदी, नाले, डैम एवं अन्य जलस्रोतों में भी पानी का स्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की है।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वर्तमान मौसम को देखते हुए आमजन किसी भी प्रकार का जोखिम न लें। लगातार बारिश के दौरान नदी, नाला, जलप्रपात, डैम, तालाब एवं अन्य जलस्रोतों के जलस्तर में अचानक वृद्धि हो सकती है। ऐसे में नदी-नालों एवं तेज जल प्रवाह वाले स्थानों के समीप जाने से बचें तथा बच्चों एवं बुजुर्गों को विशेष रूप से ऐसे स्थानों से दूर रखें। उन्होंने कहा कि जलजमाव वाले क्षेत्रों में आवागमन के दौरान भी सावधानी बरतना आवश्यक है। उपायुक्त ने जिलेवासियों से यह भी अपील की कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें और आवश्यक कार्य होने पर ही सावधानीपूर्वक आवागमन करें। ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोग स्थानीय स्तर पर नदी, नाला एवं जलस्रोतों की स्थिति पर विशेष नजर रखें। अभिभावक अपने बच्चों को जलजमाव वाले स्थानों, नदी-नालों एवं अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से रोकें। साथ ही जलजमाव वाले क्षेत्रों में मच्छरजनित एवं जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतने को भी कहा गया। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान नागरिक विद्युत पोल, तार एवं अन्य विद्युत उपकरणों के आसपास पानी जमा होने की स्थिति में विशेष सावधानी बरतें। ऐसे स्थानों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की विद्युत संबंधी समस्या होने पर स्वयं समाधान करने के बजाय संबंधित विभाग को सूचित करें। उपायुक्त ने जिला प्रशासन के सभी संबंधित पदाधिकारियों को भी लगातार वर्षा एवं जलजमाव की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील एवं निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति की निगरानी, आवागमन की स्थिति एवं संभावित जोखिम वाले स्थानों पर आवश्यक सावधानी बरतने को कहा है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मौसम की स्थिति एवं स्थानीय परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारी एवं आपदा प्रबंधन तंत्र द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आमजन किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात या असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक परिस्थितियों के दौरान सावधानी और सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी नागरिक प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top