नारा लेखन के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण पर दिया जोर आंगनबाड़ी केंद्रों में दिलाई गई शपथ

नारा लेखन के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण पर दिया जोर

आंगनबाड़ी केंद्रों में दिलाई गई शपथ

डीजे न्यूज, धनबाद: मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं उनकी रोकथाम के संबंध में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं ने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में नारा लेखन (स्लोगन) गतिविधि का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रेरणादायक संदेश प्रस्तुत किए। इसके माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने का प्रयास किया गया।

साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थित प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना था।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top