मुख्य सचिव अलका तिवारी ने अपने पति साथ पारसनाथ में की भोमिया बाबा जैन मंदिर एवं दिशोम मांझी थाना में पूजा अर्चना

Advertisements

मुख्य सचिव अलका तिवारी ने अपने पति साथ पारसनाथ में की भोमिया बाबा जैन मंदिर एवं दिशोम मांझी थाना में पूजा अर्चना
पारसनाथ पहाड़ के विकास कार्यों का लिया जायजा, दिए निर्देश
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): झारखंड सरकार की मुख्य सचिव अलका तिवारी रविवार को अपने पति व राज्य के पूर्व मुख्य सचिव डीके तिवारी के साथ जैन तीर्थ नगरी मधुबन पहुंचीं। उनके आगमन पर मधुबन गेस्ट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। यह मुख्य सचिव बनने के बाद उनका मधुबन का पहला दौरा था।
मधुबन पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले भोमिया बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे पारसनाथ पहाड़ की तलहटी में स्थित संथाल समाज के धार्मिक स्थल दिशोम मांझीथान पहुंचीं, जहां उन्होंने माथा टेका। धार्मिक स्थलों का दर्शन करने के बाद मुख्य सचिव पारसनाथ पहाड़ की ओर रवाना हुईं।
उनके काफिले के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था की गई थी, ताकि पहाड़ पर चढ़ाई की जा सके। काफिले में गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, सीओ गिरिजानंद किस्कू, एसडीपीओ सुमित प्रसाद, एसडीएम जीत राय मुर्मू सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
अधिकारियों ने पहाड़ पर नक्शे के माध्यम से मुख्य सचिव को पारसनाथ क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने पारसनाथ पहाड़ के मंदिरों का भी भ्रमण किया और संपूर्ण क्षेत्र के विकास हेतु जरूरी पहलुओं का जायजा लिया।
मुख्य सचिव के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। गिरिडीह-डुमरी मुख्य सड़क सहित मधुबन की आंतरिक सड़कों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। मधुबन थाना प्रभारी संजय यादव व पीरटांड़ थाना प्रभारी दीपेश कुमार खुद सुरक्षा की निगरानी कर रहे थे। इसके अलावा कई कनीय अभियंताओं को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
मुख्य सचिव का यह दौरा धार्मिक महत्व के साथ-साथ प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे पारसनाथ क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top