मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्द के साथ मनाए  : रामनिवास यादव 

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्द के साथ मनाए  : रामनिवास यादव 

मुहर्रम पर प्रशासन अलर्ट, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त 

डीजे न्यूज, गिरिडीह :  आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न अनुमंडलों से आए शांति समिति के सदस्यों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि मुहर्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जबकि जिला एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी 24 घंटे कार्यरत रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन, सीसीटीवी, ड्रोन एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने शांति समिति, समाजसेवियों और आम नागरिकों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना, फोटो या वीडियो को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी होगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सोशल मीडिया ग्रुप एडमिन के साथ बैठक करने और अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान आग का खेल, एयर गन और डीजे के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही ड्रोन का उपयोग निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही किया जाएगा। अग्निशमन, एम्बुलेंस, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top