मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर आज चलेगा विशेष जागरूकता व सोशल मीडिया अभिया
लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी : रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर मंगलवार 30 जून को जिलेभर में विशेष जन जागरूकता एवं सोशल मीडिया अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत मंगलवार 30 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर), इंस्टाग्राम, यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर #JharkhandSIR हैशटैग के माध्यम से मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना है।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी विभागों और अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। इसलिए नाम जोड़ने, संशोधन, स्थानांतरण सहित निर्वाचन संबंधी सभी प्रक्रियाओं की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर फैलने वाली भ्रामक और फर्जी सूचनाओं पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से निर्वाचन संबंधी जानकारी के लिए केवल निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन के आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करने की अपील की गई है।
उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 के माध्यम से हर पात्र मतदाता तक पहुंच बनाना, मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन करना और जनसहभागिता बढ़ाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की भी अपील की गई।