मर्सी हॉस्पिटल का मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन, 200 से अधिक मरीजों ने उठाया निःशुल्क जांच का लाभ
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मर्सी हॉस्पिटल, गिरिडीह में रविवार को आयोजित निःशुल्क मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में गिरिडीह शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 200 से अधिक मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग, जनरल मेडिसिन, हड्डी एवं जोड़ रोग, जनरल सर्जरी, बाल रोग, नेत्र रोग, कान-नाक एवं गला, दंत रोग, त्वचा रोग तथा मूत्र रोग से संबंधित मरीजों की जांच की गई। मरीजों के ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच निःशुल्क की गई।
इसके अलावा पैथोलॉजी जांच में 20 प्रतिशत, रेडियोलॉजी जांच में 10 प्रतिशत तथा आईपीडी बिल में 10 प्रतिशत तक की छूट दी गई। शिविर में पहुंचे लोगों को अस्पताल की ओर से निःशुल्क मेंबरशिप कार्ड भी उपलब्ध कराया गया।
मर्सी हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. पी. एच. मिश्रा ने कहा कि अस्पताल के निदेशकों की सोच हमेशा से जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की रही है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग तक सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगियों के प्रति अस्पताल प्रबंधन ने आभार जताया।