मरणोपरांत अंग एवं देह दान कर अमर हुए बजरंगी साव
पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के सहयोगियों ने एसएनएमएमसीएच प्रबंधन से समन्वय कर पूरी कराई अंतिम इच्छा
डीजे न्यूज, धनबाद : नर सेवा ही नारायण सेवा है और मृत्यु के बाद भी किसी को नई जिंदगी देना सबसे बड़ा पुण्य है-इस बात को चरितार्थ कर दिखाया है झरिया के जेलगोरा (नंबर 7 बस्ती) निवासी स्वर्गीय महादेव साव के सुपुत्र बजरंगी साव ने।
बुधवार को हृदय गति रुकने के कारण पाटलिपुत्र नर्सिंग होम में उनका निधन हो गया। उनके निधन के बाद उनके द्वारा जीवनकाल में लिए गए देह व अंग दान के संकल्प को सम्मान पूर्वक पूरा किया गया।
बजरंगी साव अपने पीछे अपनी धर्मपत्नी उमा देवी, दो सुपुत्र आशीष साव व चंदन साव, विवाहित पुत्री रजनी देवी (पटना) छोड़ गए हैं। इसके साथ ही वे अपने पोते आयुष व अंकित, पोती युक्ति गुप्ता (पुत्री चंदन साव) एवं पोते लाव्य गुप्ता (पुत्र चंदन साव) सहित पूरा भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस दुख की घड़ी में भी पूरे परिवार ने एकजुट होकर दिवंगत आत्मा की अंतिम इच्छा का सम्मान करने का ऐतिहासिक फैसला लिया।
दिवंगत बजरंगी साव ने 14 फरवरी 2023 को ही शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH, धनबाद के नाम एक भावुक और प्रेरणादायी पत्र लिखकर यह घोषणा की थी कि मृत्यु के उपरांत उनके शरीर को चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए दान कर दिया जाए। उन्होंने अपने पत्र में लिखा था:
“मैं एक वृद्ध पुरुष हूँ और शरीर का कोई भरोसा नहीं। इसलिए मैं अपने जीवनकाल में यह घोषणा करता हूँ कि मेरी मृत्यु के उपरांत मेरा शरीर आपके विभाग को दान किया जाए। यह मेरी आत्मीय इच्छा है।”
बजरंगी साव के निधन के बाद उनकी इस अंतिम और पुनीत इच्छा को ससमय पूरा करना एक बड़ी चुनौती थी। ऐसे समय में पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के आप्त सचिव अमित कुमार और क्षेत्रीय प्रतिनिधि मृणालकांत सिंह ने तत्काल मोर्चा संभाला। दोनों प्रतिनिधियों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अविलंब एसएनएमएमसीएच अस्पताल के प्राचार्य रामकृष्ण महतो, अस्पताल प्रबंधन और एनाटॉमी विभाग के वरीय अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया।
कागजी प्रक्रियाओं और तकनीकी आवश्यकताओं को त्वरित गति से पूरा कराने में दोनों ने मृतक के परिजनों की हरसंभव मदद की, ताकि दिवंगत आत्मा के संकल्प को अक्षुण्ण रखा जा सके। पूर्व विधायक के प्रतिनिधियों के इस त्वरित और मानवीय प्रयास की बदौलत स्वर्गीय बजरंगी साव का पार्थिव शरीर गरिमा के साथ एसएनएमएमसीएच को सुपुर्द किया गया, जहां उनके अंग और देह आने वाले समय में मेडिकल छात्रों के शोध और जरूरतमंदों के जीवन को रोशन करने में काम आएंगे। अंग दान और देह दान महादान है। समाज में इस तरह की प्रेरणा की बेहद जरूरत है। पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह की पूरी टीम हमेशा जनता के सुख-दुख और उनके सामाजिक संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस पुण्य कार्य के लिए पूरे क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों ने दिवंगत बजरंगी साव को नमन किया है और उनकी पत्नी उमा देवी, बेटों, बेटी, पोते-पोतियों सहित पूरे शोक संतप्त परिवार और सहयोग करने वाली टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।