मनियाडीह के चीना पहाड़ी में पर्यावरण संरक्षण और विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

Advertisements

मनियाडीह के चीना पहाड़ी में पर्यावरण संरक्षण और विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

 ग्रामीणों को स्वच्छता, अधिकारों और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव मयंक तुषार टोपनो के निर्देश तथा अधिवक्ता शैलेन्द्र कुमार झा के नेतृत्व में मनियाडीह पंचायत के सुदूरवर्ती आदिवासी, कोल-भील बहुल चीना पहाड़ी गांव में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और कचरा मुक्त वातावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना था।

ग्रामीणों को बताया गया कि नदियां, वन, पर्वत श्रृंखलाएं और झरने प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं, लेकिन बढ़ती जनसंख्या और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पर्यावरण पर संकट गहराता जा रहा है। मृदा, जल और वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए सतत विकास और जनभागीदारी को आवश्यक बताया गया।

शिविर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार और जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा संचालित जनजागरण अभियानों एवं योजनाओं की जानकारी दी गई। संवाद योजना, डॉन योजना, आशा योजना, साथी योजना, दिव्यांग प्रमाणपत्र एवं पेंशन योजना तथा प्रायोजन योजना के बारे में विस्तार से बताया गया।

इसके साथ ही 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं पहुंच कार्यक्रम के तहत घरेलू हिंसा से पीड़ितों, गरीब एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क और सुलभ विधिक सहायता उपलब्ध कराने संबंधी जानकारी दी गई। ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत करने का संदेश दिया गया।

अंत में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार का निःशुल्क दूरभाष सहायता क्रमांक 15100 उपलब्ध कराया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग अपनी समस्याओं के समाधान और विधिक परामर्श प्राप्त कर सकें।

शिविर के आयोजन में सूरज कुमार मुर्मू, पराविधिक स्वयंसेवक टुंडी पंचायत, प्रदीप चंद्र दां, पराविधिक स्वयंसेवक कटनिया पंचायत तथा संदीप कुमार मिश्रा, पराविधिक स्वयंसेवक मनियाडीह पंचायत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top