महेशपुर में कार पलटी, पांच जख्मी
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): मंगलवार की शाम करीब साढ़े छह बजे कोलकाता-दिल्ली हाईवे पर महेशपुर के समीप एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक सद्दाम समेत दो महिलाएं और दो बच्चे घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को कार से बाहर निकाला। प्राथमिक सहायता के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद भेज दिया गया।
चालक सद्दाम राजगंज थाना क्षेत्र के गोविंदाडीह का निवासी है। वह अपने परिवार के साथ कार से जा रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर हाईवे पर आवागमन को सामान्य कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।