मेयर एवं विधायक ने किया इंडियन आइडल फेम अभिषेक को सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद: इंडियन आइडल फेम युवा गायक अभिषेक ने शुक्रवार को सिंह मेंशन स्थित आवास पर मेयर संजीव सिंह एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मेयर संजीव सिंह एवं विधायक रागिनी सिंह ने अभिषेक को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मेयर संजीव सिंह ने कहा कि अभिषेक ने अपनी मधुर आवाज़ और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय मंच पर धनबाद का नाम रोशन किया है। यह पूरे कोयलांचल के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अभिषेक आगे भी अपनी मेहनत और लगन के बल पर संगीत जगत में नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे और देश-दुनिया में धनबाद की पहचान को और मजबूत करेंगे।
वहीं, झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि युवा प्रतिभाएं किसी भी समाज और प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी होती हैं। अभिषेक ने अपनी कला के माध्यम से न केवल धनबाद बल्कि पूरे झारखंड का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने उनके सफल, उज्ज्वल और सुनहरे भविष्य की कामना करते हुए निरंतर प्रगति एवं नई उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
सम्मान से अभिभूत अभिषेक ने मेयर संजीव सिंह एवं विधायक रागिनी सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और प्रोत्साहन उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने और संगीत के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करेगा।