मदर्स डे पर बुजुर्ग माताओं के बीच पहुंचा सशक्त महिला संस्थान, बांटा सम्मान और स्नेह

Advertisements

मदर्स डे पर बुजुर्ग माताओं के बीच पहुंचा सशक्त महिला संस्थान, बांटा सम्मान और स्नेह

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मदर्स डे के अवसर पर रविवार को सशक्त महिला संस्थान, गिरिडीह की ओर से स्नेहदीप वृद्धा आश्रम में कार्यक्रम आयोजित कर बुजुर्ग माताओं के साथ खुशियां बांटी गईं। इस दौरान केक काटकर मातृ दिवस मनाया गया तथा आश्रम में रह रही महिलाओं को साड़ी देकर सम्मानित किया गया। साथ ही फल, बिस्किट, मुढ़ी, सत्तू, साबुन, सर्फ, मिक्सर एवं अन्य जरूरत की सामग्रियों का वितरण किया गया।

संस्थान की सचिव पुष्पा शक्ति ने कहा कि समाज में जहां माता-पिता को भगवान का दर्जा दिया जाता है, वहीं कई बुजुर्ग माता-पिता आज उपेक्षा और अकेलेपन का जीवन जीने को विवश हैं। वृद्धाश्रम में रह रही माताओं की पीड़ा सुनकर मन भावुक हो जाता है।

संस्थान की सदस्य रेखा सिंहा ने कहा कि मदर्स डे के अवसर पर संस्थान की ओर से बुजुर्ग माताओं के साथ कुछ पल बिताकर उनके दुख-दर्द को साझा करने का प्रयास किया गया।

इस दौरान बरमसिया निवासी शांति देवी ने बताया कि उनका बेटा इलेक्ट्रॉनिक दुकान चलाता है और उन्हें वृद्धाश्रम में छोड़ गया। उनकी बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग भावुक हो उठे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष नीतू सोला, लक्ष्मी छाया, बेबी देवी, आशा चौरसिया, परमिला सिंहा, माया घोष, मिनी सिंह, गीतांजलि सिंह, विद्या देव, रीना देव, सुमुखी देव सहित संस्थान की कई सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। मौके पर वृद्धाश्रम के मुन्ना, गुड़िया, फूलवती, कौशल्या देवी समेत कई लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top