मध्याह्न भोजन बंद रहने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, स्कूल में जड़ा ताला
बोले ट्रांसफर नहीं तो स्कूल नहीं खुलेगा
टुंडी के नया प्राथमिक विद्यालय चकामानपुर
में दो महीने से मिड डे मील बंद, भूखे लौट रहे बच्चे
संजीत तिवारी, टुंडी (धनबाद) : धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड के नया प्राथमिक विद्यालय चकामानपुर में शनिवार को ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में पिछले करीब 2 महीने से मध्याह्न भोजन में लगातार लापरवाही बरती जा रही है, जिसे लेकर कई बार शिक्षा विभाग को शिकायत भी की गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि 23 अक्टूबर को भी प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश्वर मुर्मू के द्वारा मध्याह्न भोजन बंद रखा गया। इसी से नाराज होकर ग्रामीणों ने 24 अक्टूबर शनिवार को विद्यालय में ताला बंद कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश्वर मुर्मू लगातार मध्याह्न भोजन बंद रखते हैं और नशे में धुत होकर विद्यालय पहुंचते हैं।
शनिवार दोपहर करीब एक बजे देवभूमि झारखंड न्यूज की टीम जब विद्यालय पहुंची तो विद्यालय पूरी तरह बंद मिला। सभी बच्चे और प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश्वर मुर्मू अनुपस्थित पाए गए, हालांकि सहायक अध्यापक अखिलेश कुमार मंडल विद्यालय के बाहर उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक विद्यालय से प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश्वर मुर्मू का स्थानांतरण नहीं किया जाएगा, तब तक विद्यालय में ताला बंद रहेगा। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी शालिनी डुंगडुंग ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।