मधुबन में शॉर्ट सर्किट से बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय तथा दुकानों में लगी आग 

मधुबन में शॉर्ट सर्किट से बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय तथा दुकानों में लगी आग 

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : जैन धर्म के विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री सम्मेद शिखर मधुबन में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय तथा समीप की दो दुकानों में आग लग गई। स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग सबसे पहले बीएसएनएल एक्सचेंज कार्यालय में लगी। देखते ही देखते धुआं और लपटें उठने लगीं। इसी दौरान मधुबन गेस्ट हाउस से कुछ दूरी पर स्थित दो दुकानों में भी आग फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पानी, बालू तथा अन्य उपलब्ध संसाधनों की सहायता से आग बुझाने में लग गए। अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से बीएसएनएल एक्सचेंज की एक-दो मशीनें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मधुबन की विद्युत व्यवस्था पर चिंता जताई। उनका कहना है कि प्रतिदिन देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु और तीर्थयात्री यहां पहुंचते हैं। ऐसे में जर्जर तारों एवं बार-बार होने वाली शॉर्ट सर्किट की घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाया जाना आवश्यक है। लोगों ने बताया कि विमल समाधि के आसपास भी इस प्रकार की घटनाएं होती रहती हैं। क्षेत्र में अनेक दुकानें, धर्मशालाएं और आवासीय भवन स्थित हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों को तत्काल बदलने, विद्युत लाइनों की तकनीकी जांच कराने तथा संपूर्ण मधुबन क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि तीर्थयात्रियों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top