माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर मास्टर प्रशिक्षकों को दिया प्रशिक्षण

Advertisements

माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर मास्टर प्रशिक्षकों को दिया प्रशिक्षण

डीजे न्यूज, धनबाद: महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा तथा युनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में मिशन शक्ति के “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना अंतर्गत जिला स्तरीय माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर मास्टर प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को समहरणालय सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर अस्पताल की डॉ संध्या तिवारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि माहवारी स्वच्छता पर महिलाओं में जागरूकता लाना जरूरी है। जिससे वे माहवारी के दिनों में स्वच्छता का ध्यान रख सकें। समाज में आज भी माहवारी से संबंधित अनेक प्रकार की भ्रांतियां हैं। जिसे सही जानकारी के माध्यम से ही कम किया किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेशानुसार अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और गरिमा के अधिकार को अभिन्न अंग घोषित किया है। आने वाले दिनों में इसके तहत आंगनबाड़ी में भी माहवारी स्वच्छता तथा माहवारी कॉर्नर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी से सही रूप से प्रशिक्षिण लेने और अपने प्रखंड स्तर पर लोगों में जागरूकता लाने का आह्वान किया। साथ में कहा कि माहवारी प्रकृति का वरदान है। हम सबको मिलकर इसका सम्मान करना चाहिए।

कार्यक्रम में राज्य परामर्शी (माहवारी स्वच्छता प्रबंधन) स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, द्वारा तकनीकी सत्र लिया गया। जिसमें मुख्य रूप से जागरूकता, सेवा सुविधा, उपलब्धता एवं सुरक्षित निपटान जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रशिक्षण में समूह कार्य एवं प्रतिभागियों द्वारा अनुभव साझा किया गया।

कार्यक्रम को सदर अस्पताल से डॉ संध्या तिवारी ने संबोधित करते हुए कहा कि बच्चियों को प्रारंभ से ही जागरूक करने की आवश्यकता है। अचानक माहवारी के आने से भय या डर की स्थिति उत्पन्न होती है। खान पान की स्थिति भी माहवारी को प्रभावित करती है। माहवारी स्वच्छता की कमी के कारण सर्वाइकल कैंसर और बांझपन होने की संभावना बढ़ती है।

उन्होंने उपयोग किए गए सेनेटरी नेपकिन का सही रूप से निपटान करने पर जोर दिया। बताया कि महिलाओं को मेनार्की की तरह मेनोपॉज के लिए जागरूक एवं तैयार रहने की आवश्यकता है। प्रतिभागियों ने माहवारी के समय होने वाली समस्या पर प्रश्न किए जिसका जवाब उन्हें दिया गया।

कार्यक्रम में धनबाद जिला के सभी प्रखंडों से बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षिका, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण से जिला समन्वयक और यूनिसेफ की सहियोगी संस्था लीड्स के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top