
लातेहार के महुआडांड में चोरों का तांडव, सात घरों को बनाया निशाना
प्रशासन से लगाई सुरक्षा की गुहार, लोगों में भारी आक्रोश
डीजे न्यूज, महुआडांड, लातेहार : महुआडांड प्रखंड मुख्यालय इन दिनों चोरी की वारदातों से बुरी तरह परेशान है। विगत कुछ दिनों में एक ही इलाके में चोरों ने लगातार सात घरों को अपना निशाना बनाया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। इनमें से चार घरों में चोर चोरी की वारदात को अंजाम देने में सफल रहे, जबकि शोर मच जाने पर तीन जगहों पर वे भागने में कामयाब हो गए।
लगातार हो रही घटनाओं ने आमजन की नींद हराम कर दी है। स्थानीय लोगों ने लातेहार पुलिस अधीक्षक और महुआडांड थाना प्रभारी से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतर कर आंदोलन को मजबूर होंगे।
जिन घरों को बनाया गया निशाना
1. संदीप कुमार (पोस्ट ऑफिस) – घर में घुसकर की गई चोरी।
2. मनोज टेंट हाउस – दुकान से की गई चोरी।
3. अर्पण ज्वैलरी – चोरी का प्रयास, लेकिन चोर भाग निकले।
4. उमा डीलर का घर – चोरों ने की सफल चोरी।
5. रूपा ज्वैलरी – चोरी की कोशिश नाकाम, चोर भागे।
6. रामप्रवेश गुप्ता (चटकपुर) – किरायेदार के घर में चोरी।
7. उपेन्द्र कुमार (वेल्डिंग दुकान) – चोरों ने घुसने की कोशिश की लेकिन शोर मचने पर भाग निकले।
लोगों की मांग : पुलिस करे त्वरित कार्रवाई
घटनाओं से गुस्साए महुआडांड वासियों का कहना है कि चोरों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि वे एक ही रात में कई घरों को निशाना बना रहे हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गश्ती बढ़ाने और संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रशासन पर उठ रहे सवाल
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गश्ती बढ़ाई जाती और बीते मामलों पर गंभीरता दिखाई जाती, तो चोर इतने बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम नहीं देते। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से भी लोगों ने अपील की है कि वे इस मुद्दे को पुलिस-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखे।