लापता युवक का जंगल से मिला शव, हत्या की आशंका पर उबाल 

लापता युवक का जंगल से मिला शव, हत्या की आशंका पर उबाल 

इंसाफ की मांग को लेकर सड़क जाम

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भीखोडीह गांव निवासी नीरज हाजरा, जो 4 जुलाई से लापता थे, उनका शव बिहार के जमुई जिले के बिचकोड़वा जंगल से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह चित्तरडीह पहाड़ी के समीप जमुआ–पचंबा मुख्य मार्ग जाम कर दिया।

सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शन कर रहे परिजनों का आरोप है कि नीरज की हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि नीरज की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच होनी चाहिए। घटना को लेकर गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी नाराजगी देखी गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। जमुआ पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप दास मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता करते रहे और सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।

इस दौरान जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के नेता कामेश्वर पासवान भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

फिलहाल प्रशासन और परिजनों के बीच वार्ता जारी है। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top