कतरास पुलिस एक्शन मोड में, बैंकों में संदिग्धों से पूछताछ
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र में सोमवार को महिला कोलकर्मी से हुई लूट की वारदात के बाद पुलिस एक्शन मोड में है। खासकर बैंकों के अंदर बिना काम के प्रवेश करने वाले लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर है। मंगलवार को थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने कतरास के विभिन्न बैंकों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और बैंक ऑफ इंडिया सहित कई शाखाओं का शटर गिराकर अंदर मौजूद लोगों की जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों के पहचान पत्रों की जांच की गई और उनसे बैंक आने के उद्देश्य के बारे में पूछताछ किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बैंकों के इमरजेंसी अलार्म सिस्टम को भी बजाकर उसकी कार्यक्षमता की जांच की। साथ ही शाखा प्रबंधकों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देश पर की जा रही है, ताकि बैंक और एटीएम के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके। जांच के दौरान बैंक ऑफ इंडिया शाखा के प्रवेश द्वार पर संदिग्ध स्थिति में खड़े दो व्यक्तियों को पहचान सत्यापन के लिए थाना लाया गया। वहीं एटीएम और बैंकों के आसपास बेवजह खड़े लोगों की तलाशी लेकर उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि बिना कारण के वहां न रुकें।