कतरास में विकास कार्यों की सौगात डेढ़ करोड़ की सड़कों व 45 लाख की नाली निर्माण का शिलान्यास, मुख्य सड़क-ड्रेनेज का निरीक्षण बेहतर सड़क और सुदृढ़ ड्रेनेज व्यवस्था प्राथमिकता: संजीव सिंह

Advertisements

कतरास में विकास कार्यों की सौगात

डेढ़ करोड़ की सड़कों व 45 लाख की नाली निर्माण का शिलान्यास, मुख्य सड़क-ड्रेनेज का निरीक्षण

बेहतर सड़क और सुदृढ़ ड्रेनेज व्यवस्था प्राथमिकता: संजीव सिंह

 

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास छाताटांड अंचल के वार्ड संख्या 01 अंतर्गत बढ़ई कुल्ही क्षेत्र में लगभग 1.5 करोड़ (डेढ़ करोड़) रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य किया जाना है। मंगलवार को निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास मेयर संजीव सिंह, डिप्टी मेयर अरुण चौहान तथा पार्षदों ने संयुक्त रूप से किया।

इस योजना के तहत पंकज सिंह के घर से विश्वकर्मा मंदिर, पानी टंकी से पूरण पटवा के घर, शिक्षक कॉलोनी की मुख्य सड़क से शत्रुघ्न पासवान के घर, राजेश भट्ट के घर से रघुवीर गुप्ता के घर, शाखाटांड़ ट्रांसफार्मर से उरांव के घर तथा वृंदावन कॉलोनी में ओंकार सिन्हा के घर से भरत प्रसाद के घर होते हुए हीरक रोड तक सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा।

वार्ड संख्या 3 में सड़क व ड्रेनेज का निरीक्षण

इसी क्रम में कतरास बाजार वार्ड संख्या 3 में मुख्य सड़क एवं ड्रेनेज सिस्टम का विस्तृत और गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जल निकासी व्यवस्था, सड़क की स्थिति तथा बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं का बारीकी से आकलन किया गया।

निरीक्षण के आधार पर जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से नालियों की साफ-सफाई, मरम्मत तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए एक ठोस कार्ययोजना (रूपरेखा) तैयार की गई।

45 लाख की लागत से नाली निर्माण का शिलान्यास

इसी क्रम में धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 3 अंतर्गत कतरास अंचल में छाताटांड बस स्टैंड से थाना चौक तक करीब 45 लाख (पैंतालीस लाख) रुपये की लागत से बनने वाले नाली निर्माण कार्य का भी विधिवत शिलान्यास किया गया।

सफाई कर्मी हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के कई सफाई कर्मियों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को एक सामाजिक और प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया।

बेहतर सड़क और सुदृढ़ ड्रेनेज व्यवस्था प्राथमिकता: संजीव सिंह

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि कतरास एवं छाताटांड क्षेत्र में हो रहे सड़क और नाली निर्माण कार्य आम नागरिकों की मूलभूत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शुरू किए गए हैं। हमारी प्राथमिकता है कि हर वार्ड में बेहतर सड़क और सुदृढ़ ड्रेनेज व्यवस्था उपलब्ध हो, ताकि लोगों को जलभराव और आवागमन की समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके। नगर निगम द्वारा सभी विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और इन्हें तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में पार्षद मधुमाला, पार्षद मो. शहाबुद्दीन, पार्षद विनायक रागिनी गुप्ता आदि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top