करोड़ों की जमीन-मकान ठगी का आरोपी आशीष कोलकाता में गिरफ्तार
35 लाख की धोखाधड़ी के केस में थी तलाश
कई थानों में दर्ज हैं करोड़ों की ठगी के मामले
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद में जमीन और मकान बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी के चर्चित मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को धनबाद लाकर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आशीष कुमार गुप्ता के खिलाफ जिले के कई थानों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
मामले की शुरुआत हीरापुर चीरागोड़ा निवासी सुनील कुमार की शिकायत से हुई थी। सुनील कुमार ने धनबाद थाना में आशीष कुमार गुप्ता के खिलाफ 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। न्यायालय के आदेश पर आरोपी के घर पर इश्तेहार भी चस्पा किया गया था, लेकिन उसने आत्मसमर्पण नहीं किया।
पुलिस के अनुसार आशीष कुमार गुप्ता पर कई लोगों से जमीन और मकान बेचने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप हैं। आरोप है कि उसने मनईटांड में मकान और कुर्मीडीह में जमीन बेचने का झांसा देकर लोगों से बड़ी रकम वसूली। उसके खिलाफ धनबाद थाना के अलावा धनसार, बैंक मोड़, कतरास समेत जिले के कई थानों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
शिकायतकर्ता अमित कुमार का आरोप है कि आरोपी ने उनसे भी घर और जमीन दिलाने के नाम पर करीब 57 लाख रुपये की ठगी की। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार कर धनबाद लाया और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।