कोलकाता से 55 लाख का आभूषण चुराकर गिरिडीह के कमरसाली स्थित ससुराल में छुपाया था, आरोपी की निशानदेही पर बरामद
डीजे न्यूज,पचंबा,गिरिडीह : कोलकाता में एक ठेकेदार के घर से चोरी किए गए लाखों रुपये के सोने के आभूषण गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र से बरामद हुए हैं। बेनियापुकुर थाना की पुलिस ने मामले में जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज निवासी घुपन पासवान को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर कमरसाली स्थित उसके ससुराल में छापेमारी कर 55 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
बताया जाता है कि घुपन पासवान कोलकाता में एक बड़े ठेकेदार के घर कोठीबारी का काम करने के साथ खाना बनाने का कार्य भी करता था। आरोप है कि इसी दौरान उसने ठेकेदार के घर से सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी के बाद उसने जेवरात को अपनी ससुराल कमरसाली में छिपाकर रख दिया था।
मामले में ठेकेदार की शिकायत पर बेनियापुकुर थाना, कोलकाता में कांड संख्या 280/26 दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कोलकाता पुलिस आरोपी को लेकर गिरिडीह पहुंची और पचम्बा थाना पुलिस के सहयोग से कमरसाली स्थित उसके ससुराल में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद करने में सफलता मिली। बरामदगी के बाद कोलकाता पुलिस आरोपी और जब्त आभूषणों को अपने साथ कोलकाता ले गई।
हालांकि, बरामद सोने की वास्तविक मात्रा और उसकी सटीक कीमत को लेकर कोलकाता पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में गिरिडीह कनेक्शन सामने आने से क्षेत्र में चर्चा तेज है।