किसान-वैज्ञानिक अंतरमिलन कार्यक्रम में 92 कृषकों ने लिया भाग
डीजे न्यूज, धनबाद: कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी कार्यालय, धनबाद के तत्वावधान में बुधवार को गोविंदपुर प्रखंड के सहराज पंचायत में एक दिवसीय ‘किसान-वैज्ञानिक अंतरमिलन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल सुरक्षा और भूमि संरक्षण के वैज्ञानिक उपायों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. नवीन ने उन्नत खेती, कीट प्रबंधन और मौसम अनुकूल फसल चक्र पर विस्तृत जानकारी साझा की। पौधा संरक्षण पदाधिकारी श्वेता कश्यप ने फसलों को विभिन्न रोगों से बचाने के उपाय, जैविक कीटनाशकों का संतुलित प्रयोग और विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डाला।
जबकि जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी शिवा कुमार ने मृदा स्वास्थ्य, मिट्टी की जांच और भूमि संरक्षण के तौर-तरीकों से कृषकों को अवगत कराया। विवेक मोहन एवं मनीष कुमार ने कृषि प्रबंधन और सरकारी अनुदान योजनाओं के लाभ उठाने की प्रक्रिया स्पष्ट की।
कार्यक्रम में गोविंदपुर किसान साथी प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के अब्दुल कयूम अंसारी, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि, पंचायत समिति प्रतिनिधि तथा एकलव्य विद्यालय के अध्यक्ष प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
अंतरमिलन गोष्ठी में उषा देवी, रीता देवी, सुभद्रा देवी, सरिता देवी, संतोष कुमारी, नामिता देवी, बिजली देवी, फुलिया महताइन, शान्ति देवी सहित कुल 92 कृषकों ने वैज्ञानिकों से सीधा संवाद कर अपनी कृषि समस्याओं का समाधान प्राप्त किया।