कांवरियों की सुविधा को रेलवे ने की धनबाद स्टेशन पर तैयारी
सहायता बूथ, दो मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली मशीनों की तैनाती तथा अतिरिक्त टिकट काउंटर की व्यवस्था
डीजे न्यूज, धनबाद: श्रावणी मेला के अवसर पर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र के दिशा-निर्देश में वाणिज्य विभाग द्वारा धनबाद स्टेशन पर आवश्यक व्यवस्थाएँ की गई हैं। यात्रियों को सहायता, पूछताछ एवं यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए स्टेशन पर सहायता बूथ स्थापित किया गया है। यात्रियों को त्वरित एवं सुविधाजनक टिकट उपलब्ध कराने के लिए धनबाद मंडल में पहली बार धनबाद स्टेशन पर दो मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली मशीनों के साथ वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एक अतिरिक्त टिकट काउंटर भी संचालित किया गया है। इन व्यवस्थाओं से टिकट काउंटरों पर भीड़ कम होगी तथा यात्रियों को शीघ्र एवं सुगमता से टिकट प्राप्त हो सकेगा। रेलवे ने सभी श्रद्धालुओं एवं यात्रियों से अपील किया है कि किसी भी प्रकार की सहायता, जानकारी अथवा पूछताछ के लिए स्टेशन पर स्थापित सहायता बूथ अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 का उपयोग करें तथा रेलवे के नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने में अपना सहयोग प्रदान करें।