कानून, साइबर ठगी और यातायात नियमों को लेकर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पीरटांड़ थाना क्षेत्र स्थित प्रोजेक्ट गर्ल्स +2 हाई स्कूल में पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), साइबर अपराध तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक करते हुए उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है, ताकि वह अपने अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभा सके।
साइबर अपराध को लेकर विद्यार्थियों को विशेष रूप से सावधान किया गया। उन्हें अनजान व्यक्ति के साथ मोबाइल नंबर, बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड समेत किसी भी प्रकार की निजी या वित्तीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
सड़क सुरक्षा के तहत विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने और वाहन चलाते समय सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
मौके पर विद्यालय के प्रभारी आशीष मंदिलवार, संजीत सिन्हा, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा पुलिस के जवान मौजूद थे।