मां की रसोई’ में श्वेता किन्नर ने परोसी सेवा की थाली

मां की रसोई’ में श्वेता किन्नर ने परोसी सेवा की थाली

डीजे न्यूज, धनबाद : रणधीर वर्मा चौक स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार को कनक रेखा ट्रस्ट की ओर से संचालित ‘मां की रसोई’ के तहत जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण किया गया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता एवं झारखंड ट्रांसजेंडर कल्याण समिति की सदस्य श्वेता किन्नर ने भी पहुंचकर अपने हाथों से जरूरतमंदों को भोजन परोसा।

कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह सहित अन्य सदस्यों ने जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी का वितरण किया। श्वेता किन्नर ने ट्रस्ट के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों को सम्मान के साथ भोजन कराना मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि कनक रेखा ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह के पति स्वर्गीय रामकुमार सिंह की स्मृति में आज भोजन सेवा में योगदान देने का अवसर मिला। उन्होंने भविष्य में भी संस्था के सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सहयोग जारी रखने की बात कही।

इस अवसर पर ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह, सुषमा प्रसाद एवं अन्य सदस्यों ने श्वेता किन्नर को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

हर शनिवार जरूरतमंदों के लिए सजती है सेवा की थाली

ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह ने बताया कि हनुमान मंदिर परिसर में प्रत्येक शनिवार जरूरतमंदों के बीच भोजन का वितरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्था भोजन सेवा के अलावा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान शिविर, गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग तथा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की सहायता सहित कई सामाजिक कार्य भी कर रही है। मानव सेवा का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

कार्यक्रम में ट्रस्ट के सचिव श्यामसुंदर राय, रीता सिंह, सुषमा प्रसाद, सुष्मिता राय, साधना सिंह, रोनित सिंह, रमन, अंजलि, आयुष राजवीर सिंह, रीता चौधरी सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top