कालीबाड़ी चौक स्थित ज्वेलरी दुकान से 12 लाख के गहने लेकर अपराधी फरार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : शहर के हृदयस्थल कालीबाड़ी चौक स्थित मां रानी ज्वेलर्स में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। एक युवक ने बिना किसी हथियार के ही दुकान से करीब 12 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गया। इस घटना के बाद नगर थाना क्षेत्र के सराफा व्यवसायियों में नाराजगी के साथ-साथ दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि घटना शाम करीब 6 बजे की है, जब दुकान के संचालक महेश गुप्ता अकेले थे। इसी दौरान कैप पहने एक युवक दुकान में आया और ज्वेलरी दिखाने को कहा। ज्वेलरी दिखाने के क्रम में युवक ने मौका पाकर काउंटर के अंदर हाथ डालकर पहले एक सोने का जेवर निकाला और फिर दूसरी बार में करीब 12 लाख रुपये के गहने उठाकर भागने लगा।
महेश गुप्ता ने जब तक स्थिति को समझा और उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़े, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।