कैंसर विशेषज्ञों ने साझा किए आधुनिक उपचार एवं शोध के नवीनतम आयाम
असर्फी हॉस्पिटल के दो दिवसीय कैंसर कॉन्क्लेव का समापन, देशभर के दौ सौ से अधिक कैंसर विशेषज्ञों का हुआ था जुटान
डीजे न्यूज, धनबाद : असर्फी कैंसर इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित दो दिवसीय कैंसर कॉन्क्लेव 2026 का दूसरा एवं अंतिम दिन रविवार को पूर्णतः अकादमिक एवं वैज्ञानिक सत्रों को समर्पित रहा। इस दिन देश के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों से आए कैंसर विशेषज्ञों ने आधुनिक उपचार तकनीकों, नवीनतम शोध, मल्टीडिसिप्लिनरी कैंसर मैनेजमेंट तथा गुणवत्तापूर्ण कैंसर देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में एम्स देवघर के निदेशक नितिन एम. गंगाने एवं बीबीएमकेयू के उप कुलपति राम कुमार सिंह की उपस्थिति रही। उन्होंने कैंसर उपचार में अनुसंधान, चिकित्सा शिक्षा और संस्थागत सहयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए ऐसे अकादमिक आयोजनों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
देश के विभिन्न राज्यों से आए दो सौ से अधिक चिकित्सकों एवं कैंसर विशेषज्ञों ने इस अकादमिक कॉन्क्लेव में भाग लिया। इस व्यापक सहभागिता ने कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर का वैज्ञानिक मंच प्रदान किया, जहाँ विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कैंसर उपचार की नवीनतम तकनीकों, शोध एवं सर्वोत्तम चिकित्सकीय प्रथाओं पर सार्थक विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में असर्फी कैंसर इंस्टीट्यूट से सीईओ हरेंद्र सिंह, निदेशक डॉ. नयन प्रकाश सिंह, जेपी सिंह, गोपाल सिंह, उदय प्रताप सिंह, ग्रोथ एंड डेवलपमेंट के अध्यक्ष शुभांशु रॉय, कार्यकारी निदेशक मेहर खत्री तथा संस्थान के वरिष्ठ ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. बिप्लब मिश्रा एवं रेडियेशन आनकोलॉजिस्ट डॉ. आशुतोष पराशर, डॉ. रमेश कुमार, डॉ. रजत महांति तथा डॉ. प्रियंका असावा की गरिमामयी उपस्थिति रही। वैज्ञानिक सत्रों में देश के प्रतिष्ठित कैंसर विशेषज्ञों ने अपने व्याख्यान प्रस्तुत किए। प्रमुख वक्ताओं में एचसीजी रांची के डॉ. चंद्रशेखर, सीएनसीआई कोलकाता की डॉ. मनीषा वर्नेकर, महावीर कैंसर संस्थापन पटना के डॉ. कुणाल रंजन, क्लीनिलैब धनबाद के डॉ. एम.एम. बंद्योपाध्याय तथा रांची कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर रांची के डॉ. दीपक कुमार शामिल रहे। विशेषज्ञों ने कैंसर की प्रारंभिक पहचान, प्रिसिजन ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन एवं मेडिकल ऑन्कोलॉजी में नवीनतम प्रगति, जटिल मामलों के बेहतर प्रबंधन तथा रोगी-केंद्रित उपचार पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों, विशेषज्ञों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर सक्रिय सहभागिता करते हुए विचार-विमर्श किया। सत्रों के दौरान केस-आधारित चर्चाओं, नवीन शोध निष्कर्षों और आधुनिक उपचार प्रोटोकॉल पर भी विस्तार से चर्चा हुई, जिससे प्रतिभागियों को अपने चिकित्सकीय ज्ञान एवं कौशल को और समृद्ध करने का अवसर मिला। असर्फी कैंसर इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधियों ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट कैंसर उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और सतत अकादमिक गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को निरंतर सुदृढ़ करना भी है। *कैंसर कॉन्क्लेव धनबाद 2026* का दूसरा दिन इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा। दो दिवसीय इस कॉन्क्लेव का सफल समापन कैंसर जागरूकता, चिकित्सा शिक्षा और वैज्ञानिक आदान-प्रदान के मजबूत संदेश के साथ हुआ। आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि जागरूकता, समय पर पहचान, आधुनिक उपचार और विशेषज्ञों के बीच ज्ञान-साझाकरण के माध्यम से कैंसर के विरुद्ध लड़ाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।