जयराम महतो फिर बने जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष

जयराम महतो फिर बने जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष

टुंडी के कनक कुमार गुप्ता को केंद्रीय सचिव की जिम्मेदारी, जल-जंगल-जमीन और नियोजन नीति को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तय

डीजे न्यूज, बोकारो : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा(जेएलकेएम) का वार्षिक अधिवेशन शुक्रवार को बोकारो जिले में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा की गई और आगामी रणनीतियों पर मंथन करते हुए संगठन को नई दिशा और रूपरेखा देने पर सहमति बनी।

बैठक में सर्वसम्मति से जयराम कुमार महतो को पुनः केंद्रीय अध्यक्ष चुना गया। वहीं टुंडी प्रखंड के मानियाडीह गांव निवासी कनक कुमार गुप्ता को पार्टी का केंद्रीय सचिव नियुक्त किया गया। इस अवसर पर गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वे पार्टी की विचारधारा और संघर्षशील परंपरा को और मजबूत करेंगे।

संघर्ष के मुद्दे: जल-जंगल-जमीन और नियोजन नीति

अधिवेशन में पार्टी ने यह स्पष्ट किया कि वह जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। साथ ही राज्य में स्थानीय नीति और नियोजन नीति को लेकर व्यापक जनजागरण और आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की गई। मोर्चा का मानना है कि झारखंडवासियों के हक-अधिकार के लिए सशक्त नीति और नियोजन अत्यंत आवश्यक है।

टुंडी में खुशी का माहौल

कनक कुमार गुप्ता को केंद्रीय सचिव बनाए जाने की खबर से टुंडी प्रखंड में उत्साह का माहौल है। रविकांत मंडल, हेमंत कुमार, चिंतामणि मंडल, लक्ष्मण रजवार, संतोष कुमार, मनीष राय, राकेश कर्मकार और फिलिप्स हेम्ब्रम सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और पार्टी को मजबूत बनाने में सहयोग का भरोसा जताया।

अधिवेशन में लिए गए निर्णयों से यह स्पष्ट हो गया है कि झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा आने वाले समय में सामाजिक न्याय, स्थानीय हकदारी और जन सरोकार के मुद्दों पर सशक्त आंदोलन के साथ सक्रिय भूमिका में नजर आएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top