जनगणना प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को दिया प्रशिक्षण
डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद): जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान गोविंदपुर में जनगणना प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के तीन दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ मंगलवार को हुआ।
जनगणना चार्ज पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी धर्मेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि जनगणना भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण काम है। सभी के सहयोग से ही गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र में जनगणना का काम सफलतापूर्वक संपन्न होगा । उन्होंने उपस्थित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से भली भांति प्रशिक्षित होकर 16 मई से 14 जून तक क्षेत्र में जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गोविंदपुर जनगणना चार्ज क्षेत्र के प्रगणको और पर्यवेक्षकों को कुल सात बैच मे तीन-तीन दिनों का प्रशिक्षण आगामी 4 मई तक दिया जाएगा । सहायक चार्ज पदाधिकारी जसीम अख्तर ने कहा कि सुविधा अनुसार संबंधित क्षेत्र में ही प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को लगाया जाएगा । सभी को बारीकी से प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि क्षेत्र जाने पर किसी को कोई परेशानी न हो । प्रशिक्षकों में शिक्षक चिन्मय प्रकाश, अंकित वासन, नीरज कुमार मिश्रा, सियाराम प्रसाद सिंह, सुभाष, संतोष कुमार झा, नीरज कुमार प्रसाद, प्रशांत कुमार, जय किशोर राय एवं अरुण कुमार शामिल है। मौके पर डायट के प्रभारी प्राचार्य ओमप्रकाश, सुधीर कुमार आदि मौजूद थे।