‘जन सुविधा-सह-प्रशिक्षण केन्द्र’ व ‘हेल्प डेस्क’ का हुआ उद्घाटन
स्कूली बच्चों को बर्तन और सहिया दीदियों को बांटी गई किट
डीजे न्यूज, धनबाद: बुधवार को समाहरणालय परिसर में जन-कल्याणकारी एवं प्रशासनिक पहलों का शुभारंभ व वितरण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय के तृतीय तल पर नवनिर्मित ‘जन सुविधा-सह-प्रशिक्षण केन्द्र’ तथा प्रथम तल में आम जनता की सुविधा के लिए एक ‘हेल्प डेस्क’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन बर्तन और सहिया दीदियों के लिए ‘सहिया किट’ का वितरण भी किया गया।
समाहरणालय के तृतीय तल पर आधुनिक सुविधाओं और कंप्यूटर लैब से युक्त ‘जन सुविधा-सह-प्रशिक्षण केन्द्र’ का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही प्रथम तल में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, मार्गदर्शन और जानकारी देने के लिए एक समर्पित ‘हेल्प डेस्क’ की शुरुआत की गई।
डीएमएफटी मद के तहत सरकारी विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छ, पौष्टिक और गरिमापूर्ण वातावरण में भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्कूलों को आधुनिक बर्तनों का सेट वितरित किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने वाली सहिया दीदियों को उनके दैनिक कार्यों की सुगमता और सुरक्षा के लिए आवश्यक चिकित्सीय व उपयोगी उपकरणों से युक्त ‘सहिया किट’ और बैग प्रदान किए गए।
उद्घाटन एवं वितरण के उपरांत अतिथियों ने कहा कि जन सुविधा-सह-प्रशिक्षण केंद्र और हेल्प डेस्क के शुरू होने से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गति और जन-सुलभता बढ़ेगी। आम जनता को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा।
अतिथियों ने यह भी कहा कि जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का कार्य निरंतर जारी है। सहिया दीदियों का सशक्तिकरण और स्कूली बच्चों के पोषण हेतु बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद ढूलू महतो और सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी उपस्थित रहे। इसके अलावा स्थानीय विधायकगण, उपायुक्त धनबाद, उप विकास आयुक्त, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य प्रतिनिधि प्रमुख, सहिया दीदियां, शिक्षक, प्रशासनिक पदाधिकारी, रूप से उपस्थित रहे।