जमशेदपुर ने मेजबान धनबाद को आठ विकेट से हराया
हजारीबाग की टीम खूंटी को 128 रनों से हराकर नाकआउट दौर में पहुंचने में सफल रही
जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट
डीजे न्यूज, धनबाद : जमशेदपुर और हजारीबाग की टीमों ने सोमवार को खेले गए जेएससीए अंतर जिला महिला अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए के मैच में अपने प्रतिद्वंद्वियों के विरुद्ध एकतरफा जीत दर्ज की। टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में जमशेदपुर ने मेजबान धनबाद को आठ विकेट के अंतर से हरा दिया। वहीं दूसरे मैच में हजारीबाग की टीम खूंटी को 128 रनों से हराकर टूर्नामेंट के नाकआउट दौर में पहुंचने में सफल रही। हजारीबाग की यह लगातार तीसरी जीत है और मंगलवार को वह अपने अंतिम लीग मुकाबले में धनबाद के विरुद्ध मैदान में उतरेगी।
पहले मैच में धनबाद हराकर जमशेदपुर ने पहली जीत दर्ज की। धनबाद ने टास जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 81 रन बनाए। श्वेता कुमारी ने 11, पलक मिश्रा ने दस और रिया कुमारी यादव ने सात रन बनाए। जमशेदपुर की इशिका सिंह ने आठ, नंदिनी गुप्ता ने 23 और अनुष्का महतो ने 14 रन देते हुए एक-एक विकेट लिए। बाद में जमशेदपुर ने 8.5 ओवर में दो विकेट पर 82 रन बनाकर मैच आठ विकेट से आसानी से जीत लिया। अनुष्का महतो 26 और आफिया तहसीन 11 रन पर नाबाद रहीं। जास्मीन झा ने 20 और ऋतिका कुमारी ने 15 रन बनाए। धनबाद की सुषमा सिंह ने 29 पर दो विकेट लिए। प्लेयर आफ द मैच चुनी गईं अनुष्का महतो को धनबाद क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष रविजीत सिंह डांग व संयुक्त कोषाध्यक्ष सुनील कुमार ने पुरस्कार प्रदान किया।
वहीं दूसरे मैच में नंदनी कुमारी एक बार फिर हजारीबाग के लिए स्टार साबित हुईं। टास खूंटी ने जीता और हजारीबाग को पहले बल्लेबाजी करने को कहा। नंदनी कुमारी ने 32 गेंदों में 12 चौके की मदद से 69 रन बनाए जिससे टीम 20 ओवर में चार विकेट पर 179 रन बना सकी। सपना कुमारी ने 17, सलोनी कुमारी ने 13, आर्या शुभांगी ने 12 और निशा कुमारी ने 11 रन बनाए। खूंटी की अमृता कुमारी ने 16 पर दो और हर्षिता कुमारी ने 14 पर एक विकेट लिए। बाद में खूंटी की टीम 13.3 ओवर में 51 रन पर आउट हो गई। अनुष्का कुमारी ने 11 रन बनाए। वहीं हजारीबाग की सलोनी कुमारी ने 14 पर तीन, सृष्टि राज गुप्ता ने दस पर दो और पूर्णिमा कुमारी ने 13 पर दो विकेट लिए। प्लेयर आफ द मैच नंदनी कुमारी को मैच रेफरी पप्पू कुमार सिंह ने पुरस्कार सौंपा। इस अवसर पर अंपायर अनुज कुमार महतो, वकील अहमद, स्कोरर दीपक कुमार उपस्थित थे।