जमीन विवाद को लेकर प्रशासन अलर्ट, 60 दिनों तक विवादित भूमि पर रोक
डीजे न्यूज, गिरिडीह : धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत घोडथम्भा ओपी के पंचायत डुमरडीहा स्थित ग्राम धमला सरकवाटांड में जमीन विवाद को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। खोरीमहुआ एसडीएम द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत दोनों पक्षों पर निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया है।
मामला मौजा धमला सरकवाटांड के खाता संख्या 05, प्लॉट संख्या 386, रकवा 10 डिसमिल भूमि से जुड़ा हुआ है। वाद संख्या 19/2026 में रेवत हजाम बनाम मो. समसुदीन व अन्य के बीच चल रहे विवाद को लेकर घोडथम्भा ओपी प्रभारी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई। प्रशासन को आशंका है कि दोनों पक्षों के बीच टकराव होने से क्षेत्र में शांति भंग, उपद्रव एवं खून-खराबा हो सकता है।
एसडीएम ने आदेश जारी करते हुए दोनों पक्षों को 60 दिनों तक विवादित भूमि पर जाने अथवा किसी प्रकार का कार्य करने से प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही 22 मई 2026 को न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन की ओर से धनवार थाना एवं घोडथम्भा ओपी को नोटिस तामिल कराने तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश भी दिया गया है।