जलावन के लिए कोयला लेने गई महिला की चाल धंसने से मौत
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिटाही-सोनारडीह मार्ग पर अवैध खनन के दौरान चाल धंसने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिला अहले सुबह जलावन के लिए कोयला चुनने अवैध खनन स्थल पर गई थी। इसी दौरान अचानक चाल धंस गई और वह मलबे में दब गई। सूचना मिलते ही गांव वाले मौके पर पहुंचे और शव को घटनास्थल से लेकर भाग गए। ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई के डर से आनन-फानन में दामोदर नदी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध खनन चल रहा है। इस घटना से पुलिस और खनन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृत महिला मधुबन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।