जिला स्तरीय क्विज और निबंध प्रतियोगिता में अंश कुमार ने बढ़ाया हुसैनाबाद का मान

जिला स्तरीय क्विज और निबंध प्रतियोगिता में अंश कुमार ने बढ़ाया हुसैनाबाद का मान

राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद के आठवीं कक्षा के छात्र ने लिखित और मौखिक दोनों प्रतियोगिताओं में बनाई जगह, शिक्षकों ने दी बधाई

डीजे न्यूज, पलामू : प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। इसे साबित करते हुए राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद के आठवीं कक्षा के छात्र अंश कुमार ने जिला स्तरीय क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिभागियों के बीच अपनी मेधा का परिचय देते हुए अंश ने लिखित और मौखिक दोनों प्रतियोगिताओं में स्थान हासिल किया।

जिला स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता का आयोजन 19 नवंबर 2026 को जिला स्कूल, डाल्टनगंज में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की ओर से किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न हाई स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। अंश ने अपनी हाजिरजवाबी, विषय की समझ और अर्जित ज्ञान से प्रश्नकर्ताओं को भी प्रभावित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत उपस्थित थे। प्रतियोगिता में अंश के बेहतर प्रदर्शन से विद्यालय परिवार और हुसैनाबाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

इस उपलब्धि पर अजाप्टा के जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार दूबे, महासचिव अमरेश कुमार सिंह, वरीय उपाध्यक्ष रामानुज प्रसाद, वरीय संगठन सचिव राजीव रंजन पांडेय, संयुक्त सचिव विनय मांझी, पलामू प्रमंडल सोशल मीडिया प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता, हुसैनाबाद प्रखंड अध्यक्ष जुबैर अंसारी, सचिव निर्मल कुमार, जिला प्रतिनिधि सुरेंद्र प्रसाद, कोषाध्यक्ष जितेंद्र राम तथा कार्यकारिणी सदस्य मनोज कुमार चौधरी, प्रमोद पासवान और महेंद्र बैठा ने अंश को बधाई दी।

वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद सहित शिक्षिका सुषमा पांडेय, आशा कुमारी, पूनम कुमारी, राजेश कुमार, रश्मि प्रकाश और कंप्यूटर शिक्षक प्रमोद मेहता ने भी छात्र की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नियमित क्विज से निखर रही बच्चों की प्रतिभा

विद्यालय में बच्चों के सामान्य ज्ञान और बौद्धिक क्षमता को विकसित करने के लिए नियमित रूप से क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। वरीय शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता और सुषमा पांडेय के मार्गदर्शन में होने वाली इन प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन हो रहा है। अंश कुमार की सफलता को भी इसी शैक्षणिक पहल और निरंतर अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top