झारखंड आंदोलनकारियों ने उठाई गुरुजी के संघर्ष को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग
निरसा विधायक अरूप चटर्जी बोले-गुरुजी के सपनों का झारखंड अब तक अधूरा
जेपीएससी के जरिए बाहरी लोगों को मिल रही नौकरी
डीजे न्यूज, धनबाद: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान निरसा विधायक अरूप चटर्जी, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो सहित झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गुरुजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित नेताओं ने गुरुजी के झारखंड आंदोलन में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। इस दौरान आंदोलनकारियों ने मांग की कि झारखंड के स्कूली पाठ्यक्रम में गुरुजी के जीवन संघर्ष और राज्य निर्माण में उनके योगदान को शामिल किया जाए, ताकि नई पीढ़ी उनके त्याग, संघर्ष और आंदोलन के इतिहास से परिचित हो सके।
निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि गुरुजी ने जिस झारखंड का सपना देखा था, वह आज भी पूरी तरह साकार नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के युवा आज भी बेरोजगारी से जूझ रहे हैं और जेपीएससी के माध्यम से बाहरी लोगों को नौकरी मिल रही है, जो गुरुजी के सपनों के साथ न्याय नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य के संसाधनों और रोजगार पर सबसे पहला अधिकार झारखंड के युवाओं का होना चाहिए।