झरिया में कैंसर जागरूकता व स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन, 117 लोगों की हुई जांच
डीजे न्यूज, तिसरा,धनबाद : मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा की ओर से शुक्रवार को झरिया स्थित बालिका विद्या मंदिर में असरफी कैंसर संस्थान के सहयोग से निःशुल्क कैंसर जागरूकता शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. भाव्या गायत्री ने छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित किया। उन्होंने कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, बचाव के उपाय तथा समय पर जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए उन्होंने एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व को समझाया और सभी से अपील की कि वे इस जानकारी को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाएं।
डॉ. गायत्री ने बताया कि नियमित स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग से कैंसर का समय रहते पता लगाया जा सकता है। स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और तंबाकू से दूरी बनाए रखना कैंसर के खतरे को कम करने में मददगार है। उन्होंने महिलाओं को समय-समय पर सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर की जांच कराने और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने की सलाह दी।
इसके बाद असरफी हॉस्पिटल की टीम द्वारा सभी शिक्षकों एवं छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरतमंदों को डॉ. भाव्या गायत्री द्वारा परामर्श दिया गया। जिन शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मियों को विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श की आवश्यकता थी, उनके लिए निःशुल्क ओपीडी कार्ड बनाया गया, जिससे उन्हें आगे भी मुफ्त ओपीडी सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर विद्यालय के कोषाध्यक्ष सह शाखा के पूर्व अध्यक्ष सीए श्याम सुंदर साह, शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक सनी अग्रवाल, यश अग्रवाल, शाखा कोषाध्यक्ष किरण शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वहीं असरफी हॉस्पिटल की ओर से निहार, दीपक, जुलिता एवं काजल की सहभागिता रही।
शिविर में कुल 117 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. भाव्या गायत्री एवं विद्यालय की प्राचार्या पूनम गोयल को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।