झरिया में बिजली संकट पर सांसद सख्त, प्रतिनिधिमंडल ने विभाग से की सुधार की मांग
डीजे न्यूज, तिसरा (धनबाद): धनबाद जिले में अनियमित विद्युत आपूर्ति, खासकर झरिया क्षेत्र में गहराते बिजली संकट को लेकर माननीय सांसद ढुल्लू महतो ने संज्ञान लिया है। इस संबंध में उन्होंने एक प्रतिनिधिमंडल को विद्युत विभाग के महाप्रबंधक अशोक कुमार सिंहा से वार्ता के लिए भेजा।
बैठक में विद्युत विभाग के एस.ई. एस. के कश्यप, डीजीएम रस्तोगी समेत विभिन्न क्षेत्रों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल में सांसद प्रतिनिधि नितिन भट्ट, पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव, सांसद प्रतिनिधि कैलाश गुप्ता, जितेंद्र प्रसाद, झरिया से मनोज साव, शिवराज साहू, भाजपा बस्ताकोला मंडल अध्यक्ष संतोष रवानी और रंजन गुप्ता शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इसमें क्षमता के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाने, झरिया बाजार में फैले तारों को व्यवस्थित करने, सभी आरएमयू स्विच की मरम्मत, उपभोक्ताओं के आवेदनों के निष्पादन की समय-सीमा तय करने और नियमित शिविर लगाने की मांग शामिल रही।
इसके अलावा झरिया के भागा क्षेत्र में नए विद्युत सब-स्टेशन का शीघ्र निर्माण, एसडीओ की कार्यप्रणाली में सुधार, दुर्घटनाग्रस्त संविदाकर्मी को मुआवजा दिलाने तथा शहर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से 11 हजार वोल्ट के तारों को डायवर्ट करने की भी मांग रखी गई।
महाप्रबंधक अशोक कुमार सिंहा ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि झरिया सब-स्टेशन निर्माण में अतिक्रमण बाधा बन रहा है, जिसे प्रशासनिक स्तर पर दूर किया जा रहा है। साथ ही नए ट्रांसफार्मर लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में बिजली व्यवस्था में सुधार हुआ है और जल्द ही शेष समस्याओं का भी समाधान कर लिया जाएगा।