झरिया की समस्या को लेकर करेंगे उग्र आंदोलन : अभिषेक सिंह
कपड़ा व्यवसायी संघ के साथ बैठक में किया ऐलान
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : झरिया में व्याप्त बिजली और पानी की गंभीर समस्याओं को लेकर शनिवार को पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के देवर सह जमसं के महामंत्री अभिषेक सिंह उर्फ गुडू सिंह ने कपड़ा व्यवसायी संघ के सदस्यों के साथ झरिया में बिहारी लाल चौधरी की दुकान पर बैठक की। इस दौरान अभिषेक सिंह ने स्थानीय समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक में व्यवसायियों ने बताया कि झरिया में प्रतिदिन 15-18 घंटे तक बिजली नहीं रहने से भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। घरों में महिलाओं और बच्चों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है, पढ़ाई बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, जिससे अब लोग परेशान हो चुके हैं। स्थिति ऐसी हो गई है कि व्यवसायी पलायन करने पर मजबूर हो सकते हैं।
संघ के सदस्यों ने अभिषेक सिंह से समस्या के समाधान की उम्मीद जताई। इस पर अभिषेक सिंह ने कहा, “झरिया में हो रही समस्याओं का समाधान निकालने के लिए हम जल्द ही अधिकारियों से मिलेंगे। झरिया का हर व्यक्ति हमारे परिवार का सदस्य है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हम हमेशा तैयार हैं। जरूरत पड़ी तो उग्र आंदोलन भी किया जाएगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह द्वारा उजड़े झरिया को खुशहाल बनाने के लिए किए गए प्रयासों को साजिश के तहत कमजोर किया जा रहा है, जिसका विरोध किया जाएगा।
मौके पर उपेन्द्र गुप्ता, शिव चरण शर्मा, हेमंत ड्रोलिया, अनूप साव, मधुसूदन अग्रवाल, राजेश वर्णवाल, अनिल जैन, प्रितम रवानी, मृणाल कांत सिंह, रवि रवानी, रवि वर्मा, अमर नाथ प्रसाद, राजू महतो, योगी केसरी सहित कई लोग उपस्थित थे।