
जगजीवन नगर में निकली भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा, विधायक राज सिन्हा ने खींची रथ की रस्सी
मानस प्रचार समिति के आयोजन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सीएमपीएफ कल्याणेश्वर मंदिर में ठहरेंगे भगवान
डीजे न्यूज, धनबाद : मानस प्रचार समिति, मानस मंदिर जगजीवन नगर की ओर से शनिवार को श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा एवं भाई बलदाऊ जी के स्वास्थ्य लाभ के बाद संध्या 4 बजे रथयात्रा की शुरुआत की गई। इस अवसर पर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने विधिवत रस्सी खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व भगवान को भोग अर्पित कर मंदिर में आरती की गई। इसके बाद बैंड-बाजे के साथ श्रद्धालुओं की भारी भीड़, जिसमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल थे, उत्साह और भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुए। रथयात्रा मानस मंदिर से चलकर जगजीवन नगर, सरायधेला, स्टील गेट, न्यू कॉलोनी, डॉक्टरस कॉलोनी होते हुए CMPF स्थित कल्याणेश्वर महादेव मंदिर (मौसीबाड़ी) पहुंची। मौसीबाड़ी पहुंचने पर भगवान का भव्य स्वागत किया गया। अगले दस दिनों तक भगवान यहीं विश्राम करेंगे। इस दौरान पंडित ज्योति नारायण झा एवं पंडित सुखदेव तिवारी के द्वारा नियमित रूप से सभी वैदिक कर्मकांड एवं मानस पाठ का आयोजन किया जाएगा। समिति द्वारा भगवान के लिए फल, फूल और भोग की व्यवस्था मौसीबाड़ी मंदिर में ही की गई है।
समिति के अनुसार, आगामी 5 जुलाई को भगवान विश्राम के पश्चात पुनः उसी मार्ग से वापसी यात्रा कर अपने मूल निवास मानस मंदिर लौटेंगे। रथयात्रा को सफल बनाने में समिति के सदस्यों निरंजन सिंह, विनोद दुबे, निशांत नारायण, योगेंद्र मिश्रा, बी.एम. शर्मा, किशोरी प्रसाद, समरेंद्र सिंह, राजेश सिंह, स्वप्ना अधिकारी, अजीत गुप्ता, कन्हाई भट्टाचार्य, राहुल कुमार, शमशेर सिंह, अरविंद कुमार, बाप्पा सरकार, विजय रजक, उमेश सिंह, मनोज झा, सुशील सिंह, प्रदीप चौधरी, राजेश गुप्ता, सुधा शर्मा, निशि सिंह, कालिंदी पाठक, रीता सिंह, रेखा सिंह, रुक्मिणी देवी एवं शारदा देवी का विशेष योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। रथयात्रा ने न केवल धार्मिक उत्सव का रूप लिया, बल्कि सामाजिक समरसता और संस्कृति के प्रति जनमानस के जुड़ाव को भी उजागर किया।