


जामाडोबा में बंद आवास का ताला तोड़कर पांच लाख की संपत्ति चोरी
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद):जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा आरके सिंह कॉलोनी में बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने पांच लाख रुपये के जेवरात चुरा लिया। गृहस्वामी मुकेश कुमार अपने परिवार के साथ बीते 24 अक्टूबर को छठ पर्व मनाने अपने गांव गए हुए थे। शुक्रवार देर रात वह घर लौटे। घर पहुंचते ही मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर दंग रह गए। अंदर प्रवेश करने पर घर का सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। सामान, कपड़े और बर्तन इधर-उधर बिखरे पड़े थे।
अलमारी का ताला तोड़कर चोरों ने लॉकर में रखे 1 चांदी का बिस्कुट 100 ग्राम, 1 चांदी का मछली 80 ग्राम, 5 चांदी की कसेली 50 ग्राम, 5 चांदी के सिक्के 50 ग्राम, 8 चांदी के पायल 700 ग्राम, 2 जोड़ी सोने के टॉप्स 10 ग्राम चोरी हुई है। आभूषणों की कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है।
भुक्तभोगी मुकेश ने रात में ही अपने पड़ोसियों को सूचना दी। शनिवार सुबह मुकेश जोड़ापोखर थाना पहुंचे और घटना की लिखित शिकायत दी।
जोड़ापोखर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
