जाम से राहत दिलाने के लिए सड़क पर उतरे डीसी-एसएसपी, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
सड़क पर अवैध कब्जे के खिलाफ सख्त कार्रवाई
डीजे न्यूज, धनबाद: गोविंदपुर में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अभियान की कमान संभाली। इस दौरान सड़क एवं उसके किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर बनाए गए चबूतरों, दुकानों तथा अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराना, यातायात के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना है।
प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को पूर्व में ही नोटिस देकर अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद कई लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, जिसके कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो रहा था और जाम की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही थी। जनहित एवं सुचारू यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने मौके पर सख्त कार्रवाई की।
उपायुक्त एवं एसएसपी ने मौके पर उपस्थित रहकर अभियान की निगरानी की तथा संबंधित अधिकारियों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन की इस पहल से आमजनों में खुशी देखी गई। लंबे समय से जाम की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई का स्वागत करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से गोविंदपुर में आवागमन सुगम होगा और रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों को देखते हुए एनएच-19 पर प्रशासन द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। क्षेत्र में चल रहे एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण कार्य और भारी वाहनों के दबाव के कारण लंबा जाम लग रहा था। रात-रात भर एंबुलेंस के फंसने, मरीजों की जान पर बनने, लोगों की फ्लाइट और छात्रों की परीक्षाएं छूटने जैसी गंभीर शिकायतें मिल रही थीं।
उन्होंने बताया कि प्रशासन पिछले लगभग छह महीनों से लोगों को व्यक्तिगत नोटिस देकर और लगातार मुनादी कराकर अतिक्रमण हटाने की अपील कर रहा था। करीब 80% लोगों ने स्वयं अतिक्रमण हटा लिया था, बाकी बचे 10-20% अवैध कब्जों को प्रशासनिक टीम ने हटाया। बताया कि सड़क से ऊंची बनी नालियों के स्लैब को काटकर सड़क के स्तर पर लाया जा रहा है ताकि गाड़ियां आसानी से निकल सकें। बिजली विभाग के पोल को सुरक्षित जगह शिफ्ट किया जा रहा है। सर्विस लेन के गड्ढों को भरने और रोलर चलाकर सड़क को समतल व सुगम बनाने का कार्य भी साथ-साथ चल रहा है। एलिवेटेड फ्लाईओवर का कार्य अगले वर्ष नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने ट्रैफिक डीएसपी को मौके पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने हेतु ठोस कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही फ्लाईओवर निर्माण कार्य में जुटी संबंधित एजेंसी को आदेश दिया गया है कि वह निर्माण क्षेत्र के दोनों ओर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलेंटियर तैनात करे, जो वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने में ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करेंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अवैध अतिक्रमण किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।