
जैन संस्था ने लगाया विराट कैंप, 65 दिव्यांगों को मिलेगा सहारा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : दिल्ली की प्रमुख समाजसेवी जैन संस्था अखिल भारतीय तरुण मित्र परिषद ने मंगलपुर, पीपली (उड़ीसा) में विराट दिव्यांग कैंप का आयोजन किया। रविवार को दुर्गादासपुर ग्राम पंचायत कार्यालय में आयोजित इस शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक आश्रित कुमार पटनायक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत के सरपंच विभूतिभूषण नाथ ने की। यह जानकारी संस्था के अशोक जैन ने दी है।
65 दिव्यांगों को मिलेगा सहारा
परिषद के महासचिव अशोक जैन ने बताया कि इस 56वें दिव्यांग कैंप का आयोजन एन. सी. जैन मैमोरियल जीवन विज्ञान ट्रस्ट, नई दिल्ली के सहयोग से किया गया। इस शिविर में 65 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग (हाथ-पैर), पोलियो कैलिपर्स, ऑर्थो शूज (विशेष जूते), स्टिक, हैंड ग्लव्स, वॉकर, बैसाखियां आदि सहायक उपकरणों के लिए चयनित कर नाप लिया गया।
श्रवणहीनों को मिलेगा सुनने का सहारा
शिविर में 31 श्रवणहीन बुजुर्गों को श्रवण यंत्र प्रदान करने के लिए भी चयन किया गया। सभी उपकरण दिल्ली स्थित कार्यशाला में बनाए जाएंगे और 25 मार्च को यहीं पर वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में परिषद के सहसचिव आलोक जैन और रविंद्र कुमार जैन भी मौजूद रहे। अंत में महासचिव अशोक जैन ने जैनम फाउंडेशन, दिल्ली और सराक उत्थान केंद्र के व्यवस्थापक हेमंत कुमार बेहेरा, राम महला और रविंद्र जैन के सहयोग के प्रति आभार प्रकट किया।